बारात आने से पहले बड़ा हादसा ,हाई बोल्टेज करंट से 5 झुलसे

WhatsApp Channel Join Now
बारात आने से पहले बड़ा हादसा ,हाई बोल्टेज करंट से 5 झुलसे


--बारात आने से पहले टेंट लगाते समय बड़ा हादसा, करंट की चपेट में आए 5 युवक, वाहन से सामान उतारते हुआ हादसा हाईवोल्टेज तार से टकराया पाइप,

फर्रुखाबाद,21 फरवरी (हि.स.) । थाना नवाबगंज के ग्राम राजारामपुर मेंई में शनिवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंट का सामान उतारते समय लोहे का पाइप हाईवोल्टेज बिजली की लाइन से छू गया, जिसकी चपेट में आकर पांच लोग बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में परिजनों ने निजी वाहन से सभी घायलों को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के अनुसार, राजारामपुर मेंई निवासी रेशमा पुत्री स्व. दयाराम की बारात शनिवार को जनपद मैनपुरी के थाना कुरावली स्थित ग्राम अशोकपुर से आनी थी। घर में बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान गाड़ी से टेंट का सामान उतारा जा रहा था। तभी टेंट का एक लंबा लोहे का पाइप ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गया। पाइप में करंट उतरते ही वहां मौजूद पांच लोग उसकी चपेट में आ गए। जिसमें बधू के तीन भतीजे देव, युवराज, राज पुत्रगण दीपक व गांव मानपुर निवासी राजपाल पुत्र होतेलाल, थाना शमशाबाद के गांव बल्लू बेहटा निवासी राजा पुत्र जगराम गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद वैवाहिक उत्सव के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए झुलसे हुए युवकों को बिजली से अलग किया और तुरंत निजी वाहन के जरिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया और शादी की खुशियां चिंता में बदल गईं। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि हादसे के कारण की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story