यमुना नदी में डूबी किशोरी को बचाने कूदा नागालिग लड़का, दोनों के शव 20 घंटे बाद बरामद

WhatsApp Channel Join Now
यमुना नदी में डूबी किशोरी को बचाने कूदा नागालिग लड़का, दोनों के शव 20 घंटे बाद बरामद


कानपुर देहात, 15 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जनपद में मूसानगर थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहाने के दौरान रविवार को एक किशोरी को

बचाने के प्रयास में एक नाबालिग लड़का भी गहरे पानी में डूब गया था। करीब 20 घंटे बाद साेमवार काे नदी में डूबे दाेनाें के शवाें काे बरामद कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह भूरी देवी (12) और ज्योति देवी (15) नया पुरवा गांव के पास यमुना नदी में नहाने गई थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी की ओर चली गईं और डूबने लगीं। उनकी चीख-पुकार सुनकर गांव के सिद्धगोपाल (17) ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी। उसने पहले ज्योति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन दूसरी किशोरी भूरी को बचाने के लिए दोबारा नदी में उतरने के बाद वह भी नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण डूब गया। घटना के समय भूरी देवी की मां नदी में भैंसों को नहला रही थी।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराई। कई घंटे की खोजबीन के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। बाद में एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

सोमवार सुबह करीब 20 घंटे बाद यमुना का जलस्तर और बहाव कुछ कम होने पर दोनों शव नदी किनारे उतराकर आ गए। ग्रामीणों और परिजनों ने शवों की पहचान सिद्धगोपाल और भूरी देवी के रूप में की। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने यमुना नदी के खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

भोगनीपुर क्षेत्राधिकारी राजीव सिरोही ने बताया कि थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम कार्रवाई

की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story