मदद का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से दो लाख के जेवर ठगे

WhatsApp Channel Join Now
मदद का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से दो लाख के जेवर ठगे


मदद का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से दो लाख के जेवर ठगे


जौनपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जौनपुर में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे पर बुधवार को ठगों ने मदद का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से करीब दो लाख रुपये के जेवर ठग लिए। ठग महिला को बातों में उलझाकर उसके गले से मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवाने के बाद कागज की गड्डी एक लिफाफे में रखकर फरार हो गए। कुछ देर बाद लिफाफा खोलने पर महिला को ठगी की जानकारी हुई।

पीड़ित महिला के मुताबिक, जेसीज चौराहे पर कुछ लोगों ने खुद को मददगार बताते हुए उसे बातचीत में उलझा लिया। इसके बाद आरोपितों ने किसी तरह विश्वास में लेकर उसके मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवा लीं। जेवर लेने के बाद आरोपितों ने महिला को एक लिफाफा दिया, जिसमें कागज की गड्डी रखी थी। महिला को इसकी जानकारी उस समय हुई, जब उसने कुछ देर बाद लिफाफा खोला।महिला ने पुलिस को बताया कि ठगे गए जेवरों की कीमत करीब दो लाख रुपये है। दिनदहाड़े व्यस्त चौराहे पर हुई घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।सूचना पर लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस संदिग्धों की पहचान के लिए फुटेज की जांच कर रही है।सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने बताया कि बुधवार को बुजुर्ग महिला से ठगी की शिकायत मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story