रामगंगा को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें पीतलनगरी वासी : मनोज कुमार गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
रामगंगा को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें पीतलनगरी वासी : मनोज कुमार गुप्ता


मुरादाबाद, 01 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुजारी परिषद के तत्वावधान में बैसाख पूर्णिमा एवं बुद्ध जयंती के अवसर पर रामगंगा नदी के तट पर भव्य महाआरती एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक आस्था और श्रद्धा का परिचय दिया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि रामगंगा को स्वच्छ बनाने में पीतलनगरी वासी नगर निगम व प्रशासन का सहयोग करें।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके उपरांत मां रामगंगा की महाआरती संपन्न हुई। वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।

उपस्थित श्रद्धालुओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर समाज में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बुद्ध जयंती के उपलक्ष्य में गौतम बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के जीवन एवं उनके संदेश सत्य, अहिंसा, करुणा और शांति को आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।

कार्यक्रम के दौरान श्याम कृष्ण रस्तोगी ने कहा ऐसे आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।

अंत में सभी श्रद्धालुओं ने मानवता, सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया तथा विश्व शांति एवं कल्याण की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story