जौनपुर : भारी बारिश के चलते पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त, शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सड़कें जलमग्न
जौनपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में सोमवार रात 11 बजे से मंगलवार सुबह नौ बजे तक रुक-रुककर हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित रहा। करीब 10 घंटे हुई बारिश के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव हो गया। कई सड़कें पानी में जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों के घरों में भी पानी घुस गया। मंगलवार सुबह तक जिले में करीब 08 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शहर के रुहट्टा कॉलोनी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर रही। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में नाले और नालियां बारिश के पानी से भर गए, जिससे जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित हुई। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कई स्थानों पर पेड़ और डालियां गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। रामपुर नगर पंचायत क्षेत्र में तेज बारिश और तूफान के बीच पेड़ गिरने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बारिश से पहले बिजली के खंभों को पॉलीथीन या प्लास्टिक पाइप से ढकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नगर के कई स्थानों पर खंभे अब भी खुले पड़े हैं। इससे जलभराव के बीच करंट उतरने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में खुले बिजली खंभों से हादसे हो चुके हैं।
वहीं, जलभराव के कारण सड़कों पर बने गड्ढे पानी से भर गए हैं। इससे दोपहिया और चार पहिया वाहनों के फंसने तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। बारिश ने नगर की जलनिकासी और सड़क व्यवस्था की तैयारियों की भी पोल खोल दी है।
लगातार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। कई मार्गों पर पानी भरने से वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
इस मामले में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने बताया कि बीती रात से बारिश शुरू हुई थी, इससे जगह जगह गड्ढों में पानी भर गया था और नालियां जाम हो गई थी। नगर पालिका के कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई है। अब कही जल जमाव नहीं है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

