मुरादाबाद : 24 घंटे में दो बार मूसलाधार बारिश से बदला मौसम का मिजाज

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : 24 घंटे में दो बार मूसलाधार बारिश से बदला मौसम का मिजाज


मुरादाबाद, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में रविवार शाम को फिर हुई करीब दो घंटे की मूसलाधार बारिश से जहाँ पीतलनगरी पानी से लबालब हो गई। वहीं गर्मी से भी काफी हद तक निजात मिल गई। शनिवार को भी शाम को दो घंटे की बारिश हुई थी। एमडीए की कालोनियां हों या गली-मोहल्ले, सब जगह बरसात का पानी भर गया। इस बारिश से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सोमवार को मुरादाबाद में मौसम साफ रहेगा और सुबह से सूरज निकलने के साथ गर्मी का पारा भी चढ़ा रहेगा। रविवार को सुबह हवा चलने से लग रहा था कि आज मौसम में कुछ परिवर्तन होगा लेकिन दिनभर तेज धूप से गर्मी का पारा और चढ़ गया था। शाम लगभग 6:30 बजे तेज हवा चलनी शुरू हुई। देखते ही देखते शाम करीब सात बजे आसमान में बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। रात नौ तक जारी रही। लगभग दो घंटे की ताबड़तोड़ मूसलाधार बारिश से महानगर की विभिन्न कालोनियां, गली-मोहल्ले पानी से लबालब हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story