उप्र में पछुआ हवाओं के चलने से लू में होगी बढ़ोत्तरी

उप्र में पछुआ हवाओं के चलने से लू में होगी बढ़ोत्तरी
WhatsApp Channel Join Now
उप्र में पछुआ हवाओं के चलने से लू में होगी बढ़ोत्तरी


कानपुर, 09 जून (हि.स.)। हवाओं की दिशाएं पछुआ होने एक बार फिर उत्तर प्रदेश में तापमान बढ़ने और सूरज की आग उगलती लपटों से लू में बढ़ोत्तरी होगी। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं पर ब्रेक लग गया है। इसके साथ ही राजस्थान के थार मरुस्थल से गर्म हवाएं बराबर उत्तर प्रदेश में आ रही हैं। इन हवाओं के चलने से आगामी दिनों मानसून आने तक लोगों को भीषण लू परेशान करती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस एन सुनील पाण्डेय ने रविवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान, दक्षिण कोंकण गोवा,दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

तेलंगाना,मराठवाड़ा, उत्तरी कोंकण और गोवा,उत्तरी मध्य महाराष्ट्र,केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम,पूर्वोत्तर भारत,लक्षद्वीप, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।

ओडिशा,आंध्र प्रदेश,तमिलनाडु,छत्तीसगढ़,दक्षिण गुजरात,मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार,गंगीय पश्चिम बंगाल,ओडिशा,पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। कानपुर मंडल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति संभव है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 43.6 और न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 37 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 17 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.0 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/राजेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story