युवा चेतना समिति ने उद्योगपति ओमप्रकाश जालान को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 09 जुलाई (हि.स.)।

गोरखपुर की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनचेतना से जुड़ी अग्रणी संस्था युवा चेतना समिति, गोरखपुर ने प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी स्वर्गीय ओमप्रकाश जालान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। समिति की ओर से आयोजित गुरुवार काे श्रद्धांजलि सभा में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जालान के व्यक्तित्व, कृतित्व और गोरखपुर के औद्योगिक विकास में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए युवा चेतना समिति के वरिष्ठ संरक्षक प्रो. शिव शरण दास एवं अध्यक्ष मांधाता सिंह ने कहा कि युवा चेतना समिति ने सदैव समाज के उन व्यक्तित्वों को सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने कर्म, संघर्ष और सेवा से समाज को नई दिशा दी। इसी गौरवशाली परंपरा के अंतर्गत समिति द्वारा वर्ष 1996 में आयोजित स्वर्ण पदक सम्मान समारोह में ओमप्रकाश जालान को प्रतिष्ठित ‘श्रमवीर सम्मान’ से अलंकृत किया गया था। यह सम्मान तत्कालीन कमिश्नर हरिश्चंद्र प्रसाद के कर-कमलों से प्रदान किया गया था।

उन्होंने कहा कि यह युवा चेतना समिति के इतिहास का एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अध्याय है कि समिति ने समय रहते ऐसे कर्मयोगी उद्योगपति के योगदान को पहचाना और उन्हें सम्मानित किया। जालान ने उद्योग के माध्यम से न केवल गोरखपुर की आर्थिक गति को बल दिया, बल्कि युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी उल्लेखनीय अवसर उपलब्ध कराए।

प्रो. शिव शरण दास एवं मांधाता सिंह ने कहा कि स्वर्गीय ओमप्रकाश जालान उत्तर प्रदेश के प्रमुख उद्योगपतियों में गिने जाते थे। उनका निडर व्यक्तित्व, श्रमिकों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका निधन गोरखपुर के उद्योग जगत और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

युवा चेतना समिति ने शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि समिति स्वर्गीय जालान के योगदान को सदैव आदर और कृतज्ञता के साथ स्मरण करती रहेगी। सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में डॉ. विमल कुमार मोदी, रामपाल सिंह, डॉ. ए.पी. गुप्ता, डॉ. पी.पी. गुप्ता, डॉ. धर्मव्रत तिवारी, प्रो. अनुभूति दुबे, अखिलेश ओझा, डॉ. आलोक कुमार सिंह, विनोद प्रकाश पांडेय , आशुतोष मिश्रा, मनोज कुमार सिंह, राजेश पांडेय , राहुल दुबे, सुधांशु चंद्र वर्मा , महेश गर्ग, विजय आनंद कक्कू सहित युवा चेतना समिति के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वर्गीय श्री ओमप्रकाश जालान को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story