राजीव हार्ट केयर में लगी हार्ट सर्जरी ओपीडी, विशेषज्ञों ने दी दिल की बीमारियों से बचाव की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
राजीव हार्ट केयर में लगी हार्ट सर्जरी ओपीडी, विशेषज्ञों ने दी दिल की बीमारियों से बचाव की सलाह


कानपुर, 10 मई (हि.स.)। दिल की बीमारियों को हल्के में लेना जानलेवा साबित हो सकता है। सही समय पर जांच और जीवनशैली में बदलाव अपनाकर गंभीर हृदय रोगों से बचा जा सकता है।” यह बातें मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ के डायरेक्टर हार्ट सर्जरी स्पेशलिस्ट डॉ गौरंगा मजूमदार ने रविवार को राजीव हार्ट केयर में आयोजित नि:शुल्क हार्ट सर्जरी ओपीडी के दौरान कहीं।

सचान चौराहा स्थित राजीव हार्ट केयर में आयोजित इस विशेष ओपीडी में बड़ी संख्या में हृदय रोग से पीड़ित मरीज पहुंचे। यहां मरीजों को हृदय संबंधी बीमारियों की जांच, परामर्श और उपचार से जुड़ी अहम जानकारी दी गई। मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ की टीम ने मरीजों को आधुनिक हार्ट सर्जरी और उन्नत उपचार पद्धतियों के बारे में विस्तार से बताया।

ओपीडी के दौरान कोरोनरी बाईपास सर्जरी, वाल्व रिप्लेसमेंट, एओर्टिक एन्यूरिज्म सर्जरी, हार्ट ट्रांसप्लांट, पीडियाट्रिक हार्ट सर्जरी, वैस्कुलर सर्जरी और टीएवीआर जैसी आधुनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने मरीजों को समय रहते जांच कराने और लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह भी दी।

डॉ गौरंगा मजूमदार ने कहा कि उनका उद्देश्य लोगों को बड़े शहरों तक भागदौड़ से राहत दिलाना और कानपुर में ही विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अब यह ओपीडी प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, जिससे आसपास के जिलों के मरीजों को भी लाभ मिल सके।

राजीव हार्ट केयर के डॉ राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप हृदय रोगों के सबसे बड़े कारणों में शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोरोना वैक्सीन और हृदय रोगों के बढ़ते मामलों को जोड़ना पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए लोगों को नमक, मैदा और चीनी जैसी “तीन सफेद चीजों” का सेवन सीमित करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में हृदय रोग आनुवंशिक भी पाए जाते हैं, इसलिए परिवार में पहले से हृदय रोग का इतिहास होने पर नियमित जांच बेहद जरूरी है। डॉक्टरों ने लोगों से संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story