स्वस्थ कैंपस, स्टार्टअप और उद्योग से जुड़ी शिक्षा से बनेगा विकसित भारत : प्रो. सुधांशु पांडिया

WhatsApp Channel Join Now
स्वस्थ कैंपस, स्टार्टअप और उद्योग से जुड़ी शिक्षा से बनेगा विकसित भारत : प्रो. सुधांशु पांडिया


कानपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। कैंपस में बदलाव से देश के विकास की राह तैयार होगी। विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ शिक्षा को उद्योग, समाज और वैश्विक जरूरतों से भी जोड़ना होगा। विश्वविद्यालय सात स्तंभों वाला रोडमैप तैयार कर रहा है। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में ‘विकसित कैंपस-विकसित भारत’ सम्मेलन में प्रति कुलपति प्रो. सुधांशु पांडिया ने कहीं।

सम्मेलन का उद्घाटन प्रो. पांडिया, डॉ. वंदना पाठक, डॉ. एएस प्रसाद तथा संयोजक डॉ. सिधांशु राय और डॉ. विवेक सचान ने किया।

डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि मानसिक शांति के बिना विकास अधूरा है। पढ़ाई में वेलनेस शामिल करना होगा, ताकि विद्यार्थी मानसिक संतुलन के साथ आगे बढ़ें। डॉ. प्रसाद ने स्वस्थ कैंपस को विकसित भारत की नींव बताते हुए स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की सांख्यिकी अधिकारी सोनिका रस्तोगी ने शिक्षा-उद्योग में तालमेल जरूरी बताया, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ रोजगार के लिए तैयार हों। टाई उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. राव विक्रम सिंह ने हर कॉलेज में एक स्टार्टअप का सुझाव दिया। भारतीय उद्योग संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील वैश ने स्थानीय उत्पादों को वैश्विक मंच देने की बात कही।

पूर्व रोटरी गवर्नर सीए डीसी शुक्ल ने सामाजिक जिम्मेदारी को विकास का जरूरी हिस्सा बताया। सर पदमपत सिंघानिया की प्रधानाचार्य भावना गुप्ता ने शिक्षा में नवाचार पर बल दिया। विद्यार्थियों ने कौशल विकास, मार्गदर्शन और स्टार्टअप शामिल करने के सुझाव दिए।

संयोजक डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि मंथन से सात स्तंभों वाला रोडमैप बनेगा। इनमें स्वस्थ कैंपस, संतुलित वेलनेस, उद्योग से जुड़ी शिक्षा, हर कॉलेज में स्टार्टअप, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान, सामाजिक जिम्मेदारी और नवाचार आधारित शिक्षा शामिल हैं।

सह संयोजक डॉ. विवेक सचान ने धन्यवाद दिया। संचालन पलक और माही ने किया। छात्र वरदान, ईशान और मुस्कान ने रोडमैप निर्माण में विद्यार्थियों की भागीदारी का आह्वान किया। इनोवेशन फाउंडेशन, एलुमनाई एसोसिएशन और प्लेसमेंट सेल ने सहयोग किया। प्रो. नीरज सिंह, डॉ. वारशी सिंह, डॉ. अर्पणा कटियार, प्रो. प्रवीण पटेल, डॉ. राहुल पाल, नित्या चावला, डॉ. मृदुला शुक्ला, डॉ. मयंक भार्गव, ज्योति चौहान, कुमुद सिंह, सुदर्शन त्रिपाठी और प्रभाकर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story