एसआरएस स्कूल के वार्षिकाेत्सव में पहुंचे ग्रेट खली ने युवाओं काे रील के स्थान पर बॉडी बनाने की दी नसीहत

WhatsApp Channel Join Now
एसआरएस स्कूल के वार्षिकाेत्सव में पहुंचे ग्रेट खली ने युवाओं काे रील के स्थान पर बॉडी बनाने की दी नसीहत


खली को देखने उमड़ी भीड़,पुलिस रही मुस्तैद

फर्रुखाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। नगर के अंगूरीबाग स्थित एसआरएस ग्लोबल स्कूल के वार्षिक स्पोर्ट्स डे के माैके पर अंतरराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली ने युवाओं से आह्वान किया कि वे रील बनाने की बजाय अपनी बाॅडी

बनाएं। खली की एक झलक पाने के लिए न केवल छात्र, बल्कि अभिभावकों और स्थानीय खेल प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व मंत्री नरेन्द्र सिंह यादव और भाजपा नेता सचिन सिंह यादव ने दिलीप सिंह राणा 'ग्रेट खली' काे पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पारंपरिक अंदाज में अतिथियों की अगवानी की। ग्रेट खली ने बच्चाें काे अनुशासन और मेहनत काे जीत की कुंजी का मंत्र बताते हुए अपने अंदाज में छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्हाेंने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती के लिए नहीं, बल्कि मानसिक और चारित्रिक विकास के लिए भी अनिवार्य हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व समझाते हुए पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहने की प्रेरणा दी। खली ने युवाओं का आह्वान किया कि वे

रील बनाने से ज्यादा अपनी बाॅडी बनाने पर ध्यान दें।

स्पोर्ट्स डे के दौरान स्कूल के नन्हे छात्राें ने रिले रेस, कबड्डी, लंबी कूद और दौड़ में अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेता प्रतिभागियों को द ग्रेट खली ने मेडल और प्रमाण पत्र दिया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और अभिभावकों में भारी उत्साह देखा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story