केजीएमयू के चिकित्सकों ने जन भवन में अध्ययनरत विद्यार्थियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
केजीएमयू के चिकित्सकों ने जन भवन में अध्ययनरत विद्यार्थियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण


केजीएमयू के चिकित्सकों ने जन भवन में अध्ययनरत विद्यार्थियों का किया स्वास्थ्य परीक्षण


लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की पहल से मंगलवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के चिकित्सकों द्वारा आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया।

जन भवन में संचालित विद्यालय में समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे भी पढ़ते हैं। यहां ऐसे बच्चों को भी शिक्षा से जोड़ा गया है, जो पूर्व में भिक्षावृत्ति में संलग्न थे। राज्यपाल की पहल एवं प्रेरणा से इन बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्ति दिलाकर उनका नामांकन विद्यालय में कराया गया, जिससे उनके जीवन में शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 294 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के अंतर्गत विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया। विशेष रूप से किशोरियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं काउंसलिंग की व्यवस्था की गई, जिससे 30 किशोरियां लाभान्वित हुईं। इसके अतिरिक्त 123 विद्यार्थियों का रक्त परीक्षण भी किया गया।

इस अवसर पर चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, संतुलित आहार एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा शिक्षकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सतत सजग रहने के सुझाव दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय

Share this story