रंग-बिरंगी आतिशबाजी और मेगा लेजर-शो के बीच देवा मेला-2026 का भव्य समापन

WhatsApp Channel Join Now
रंग-बिरंगी आतिशबाजी और मेगा लेजर-शो के बीच देवा मेला-2026 का भव्य समापन


रंग-बिरंगी आतिशबाजी और मेगा लेजर-शो के बीच देवा मेला-2026 का भव्य समापन


बाराबंकी05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के

बाराबंकी में ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 का गुरुवार को दस दिवसीय आयोजन के बाद हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में रंग-बिरंगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी और मेगा लेजर-शो ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सतरंगी रोशनी से आसमान जगमगा उठा और पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

समारोह की मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने आतिशबाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर देवा मेला-2026 की स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं।

इस दौरान मेले के सुव्यवस्थित आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मेला सचिव एवं एडीएम निरंकार सिंह ने दस दिवसीय आयोजन की संक्षिप्त आख्या प्रस्तुत करते हुए सभी सहयोगियों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।

इस बार भी देवा मेले ने अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुरूप गंगा-जमुनी तहजीब, कौमी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। समापन समारोह में सीडीओ पंकज वर्मा, एसडीएम गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह, मेला समिति के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में मेलार्थी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story