हाथरस में डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस में डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण


हाथरस, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हाथरस जिले के नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बुधवार को जनता दर्शन के बाद कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट में संचालित विभिन्न विभागों, राजस्व कार्यालयों और पटल कक्षों का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों और जिम्मेदारियों की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने आयुध अनुज्ञा एवं अभिलेख कक्ष, आंग्ल अभिलेखागार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, नाजिर कक्ष, आईजीआरएस कक्ष, राजस्व अभिलेखागार, जिला पूर्ति कार्यालय, संयुक्त कार्यालय तथा जिला कोषागार सहित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पटल सहायकों से परिचय प्राप्त कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

डीएम ने निर्देश दिए कि कार्यालयों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने आमजन से जुड़े कार्यों एवं शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यालयों में पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध कार्यप्रणाली अपनाई जाए, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ समय से मिल सके

--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story