हाथरस: अज्ञात वाहन की टक्कर से रोडवेज संविदा कर्मचारी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस: अज्ञात वाहन की टक्कर से रोडवेज संविदा कर्मचारी की मौत


हाथरस, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार रोडवेज संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा खंदौली-मई रोड पर हुआ। टक्कर के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान नंदप्रकाश सारस्वत निवासी गढ़ उमराव गांव के रूप में हुई है। वह आगरा रोडवेज में संविदा कर्मचारी थे। मंगलवार रात वह आगरा से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान खंदौली-मई रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर सादाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। कुछ देर बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए और नंदप्रकाश का शव देख परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने पुलिस से अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सादाबाद कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के साथ अन्य माध्यमों से भी वाहन की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story