हाथरस न्यायालय में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा, कर्मचारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस न्यायालय में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा, कर्मचारियों को दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण


हाथरस, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस के जनपद न्यायालय में न्यायिक कार्यों को अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जुडिशियल ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (JTRI) लखनऊ के निर्देश पर न्यायालय परिसर में कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेश तथा अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार के निर्देशन में न्यायालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुआ, इसमें बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मचारियों ने भाग लिया।

सिस्टम ऑफिसर प्रमोद तिवारी और पूनम शर्मा ने तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के संचालन, ई-समनिंग भेजने की प्रक्रिया तथा पेमेंट सेतु पोर्टल के उपयोग की जानकारी दी। कर्मचारियों को ऑनलाइन मामलों में जुर्माने की राशि के डिजिटल भुगतान, पोर्टल पर डाटा सिंक करने और ई-समनिंग की तकनीकी प्रक्रिया के बारे में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं के प्रभावी इस्तेमाल से न्यायिक कार्यों में तेजी आने के साथ रिकॉर्ड और प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को डिजिटल प्रणालियों के प्रति दक्ष बनाकर न्यायालय की कार्यप्रणाली को अधिक सुगम और प्रभावी बनाना रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story