हाथरस : सादाबाद के पूर्व विधायक छाबी मियां का निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : सादाबाद के पूर्व विधायक छाबी मियां का निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस


हाथरस, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सादाबाद विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर मुस्तमंद अली खां उर्फ छाबी मियां का मंगलवार शाम निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। उन्होंने आगरा के बालूगंज स्थित अपने आवास पर शाम करीब सात बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से सादाबाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

नवाब परिवार से ताल्लुक रखने वाले छाबी मियां सादाबाद की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने वर्ष 1985 में लोकदल के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद वर्ष 1989 में जनता दल के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे और लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए।

वर्ष 1991 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने जनता दल के टिकट पर तीसरी बार किस्मत आजमाई, लेकिन राम लहर के बीच उन्हें 5,015 मतों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद क्षेत्र की राजनीति में उनकी अलग पहचान बनी रही।

उनके निधन की सूचना मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग आगरा स्थित उनके आवास के लिए रवाना हुए। बुधवार को सादाबाद में बाग वाली मस्जिद के पास स्थित उनके निजी कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story