चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनसंपर्क एवं नारी सम्मान यात्रा का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनसंपर्क एवं नारी सम्मान यात्रा का शुभारंभ


हाथरस, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद हाथरस के सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकदल नेता प्रवीन कुमार पौनियां ने शनिवार काे जनसंपर्क अभियान एवं नारी सम्मान यात्रा का शुभारंभ किसान मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद यात्रा के प्रथम चरण में सलेमपुर गांव पहुंचकर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की गई।

सलेमपुर पहुंचने पर ग्रामीणों ने प्रवीन कुमार पौनियां का स्वागत किया। उन्होंने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया। इस दौरान माताओं एवं बहनों से संवाद करते हुए उनके विचारों और समस्याओं को सुना गया। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं अपनी अपेक्षाएं उनके सामने रखीं। प्रवीन कुमार पौनियां ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता के बीच निरंतर संवाद आवश्यक है और गांव-गांव जाकर लोगों की आवाज को समझने का प्रयास किया जाएगा।

इसके बाद आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि जनसंपर्क एवं नारी सम्मान यात्रा के माध्यम से सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांवों तक पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और लोगों ने आत्मीयता के साथ स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यात्रा के माध्यम से क्षेत्र की माताओं-बहनों सहित आमजन की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझने तथा उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा के अगले चरणों में भी विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story