हाथरस, : गांधी और शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में हुआ कार्यक्रम, डीएम ने दिलाई जनसेवा की शपथ

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस, : गांधी और शास्त्री जयंती पर कलेक्ट्रेट में हुआ कार्यक्रम, डीएम ने दिलाई जनसेवा की शपथ


हाथरस, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनपदवासियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों ने अपने जीवन से सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के जो आदर्श स्थापित किए, उन्हें व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि अंतिम व्यक्ति की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझते हुए संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्याओं का समाधान किया जाए और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

जिलाधिकारी ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और अंतिम व्यक्ति के कल्याण से जुड़े विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक हुनर को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। कहा कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से कारीगरों और उद्यमियों को प्रशिक्षण, बाजार एवं रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चन्द्र ने भी गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन और आदर्शों पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story