हाथरस : जुआ खेलते पांच आरोपित गिरफ्तार, 1.06 लाख रुपये बरामद
हाथरस, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद थाना पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1.06 लाख रुपये नकद, ताश के 52 पत्ते और एक सफेद रुमाल बरामद किया है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की है।
क्षेत्राधिकारी सादाबाद अमित पाठक ने गुरुवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक स्थान पर रुपये दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना सादाबाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने पीछा कर पांचों को पकड़ लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जितेंद्र गौतम उर्फ जीतू निवासी भगवती नगर, कस्बा सादाबाद, नक्कुल पाराशर निवासी मोहल्ला चामड़वाला, शमीम निवासी मोहल्ला मिर्जागंज, शाहिद निवासी सुल्तान निवास, आलिया मस्जिद के पास और लक्ष्मी पुत्र चन्द्रप्रकाश निवासी कस्बा सादाबाद के रूप में हुई हैं।
पुलिस ने मौके से 1,06,000 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए। बरामद नकदी को पुलिस ने जुए में दांव पर लगाई गई रकम बताया है। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी की वीडियोग्राफी कराने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

