हींग फैक्टरी में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
हींग फैक्टरी में लगी आग, लाखों का माल जलकर राख


हाथरस, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस शहर के अलीगढ़ रोड पर दीनबंधु हॉस्पिटल के पीछे नवींपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित श्रीजी केमिकल्स हींग फैक्टरी में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग से करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

फैक्टरी में सुबह लगभग 4:00 बजे आग लगी। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने पहले स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता न मिलने पर फायर स्टेशन को सूचना दी गई। इसी बीच फैक्टरी स्वामी को भी इसकी सूचना दी गई। फैक्टरी स्वामी भी मौके पर पहुंच गए। इधर आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग बुझने के बाद आसपास के क्षेत्र में फैले डर का माहौल समाप्त हुआ। इस दौरान लोगों को यह डर सताता रहा कि कहीं आग और ज्यादा विकराल रूप में धारण कर ले।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राजकुमार वाजपेयी ने बताया कि एक फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर तीन फायर टेंडर टीम के साथ पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story