हाथरस: दो बार विधायक रहे नवाब छाबी मियां राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस: दो बार विधायक रहे नवाब छाबी मियां राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक


हाथरस, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद की सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे नवाब मुस्तमंद अली खां उर्फ छाबी मियां को बुधवार दोपहर बाग वाली मस्जिद स्थित कब्रिस्तान में राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। मंगलवार को आगरा के बालूगंज स्थित आवास पर उनका निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई हस्तियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका पार्थिव शरीर कब्रिस्तान पहुंचा। इस दौरान पुलिस की सलामी टुकड़ी ने राइफलें झुकाकर उन्हें अंतिम सलामी दी। विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक प्रताप चौधरी और पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के नेता गिरेंद्र चौधरी, जिला पंचायत सदस्य ईशान चौधरी और केशव देव चौधरी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। सादाबाद इंटर कॉलेज के प्रबंधक कुंवर महमूद अली खां ने अंतिम विदाई दी। इस मौके पर एसडीएम रितु सिरोही, पुलिस उपाधीक्षक योगेंद्र कृष्ण नारायण सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

छाबी मियां की सादाबाद क्षेत्र में अलग पहचान थी। वह वर्ष 1985 में लोकदल के टिकट पर पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वर्ष 1989 में लोकदल का जनता दल में विलय होने के बाद चुनाव चिह्न बदलकर चक्र हो गया। इसके बावजूद उन्होंने दूसरी बार चुनाव जीतकर विधानसभा में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उनके निधन पर क्षेत्र के लोगों और समर्थकों ने शोक जताया।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story