हाथरस : सीएमओ को निरीक्षण में पीएचसी ऊंचागांव में मिली गंदगी, स्वास्थ्य कर्मियों पर जताई नराराजगी

WhatsApp Channel Join Now
हाथरस : सीएमओ को निरीक्षण में पीएचसी ऊंचागांव में मिली गंदगी, स्वास्थ्य कर्मियों पर जताई नराराजगी


हाथरस, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव रॉय ने रविवार को सादाबाद ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव और जैतई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और जन आरोग्य मेला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पीएचसी ऊंचागांव के निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग और स्वीपर, चौकीदार रेनू उपस्थित थे। निरीक्षण के समय तक ओपीडी में 16 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें सर्दी-जुकाम, खुजली, बुखार, ब्लड प्रेशर और शुगर के मरीज शामिल थे।

सीएमओ ने केंद्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल में 6 बेड, कूलर और पंखे चालू हालत में मिले। दवाओं की उपलब्धता के संबंध में, ईडीएल मानक के 195 के मुकाबले 156 दवाएं उपलब्ध थीं।

सीएमओ ने फार्मासिस्ट को सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह भी बताया गया कि लैब टेक्नीशियन न होने के कारण फार्मासिस्ट द्वारा ही ब्लड शुगर, मलेरिया, डेंगू, ब्लड प्रेशर और हीमोग्लोबिन जैसी जांचें की जा रही थीं।

पीएचसी जैतई के निरीक्षण में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभास उपाध्याय, फार्मासिस्ट चंद्र शेखर, वार्ड बॉय सुनील कुमार और स्वीपर, चौकीदार गोपाल सिंह उपस्थित मिले। जन आरोग्य मेला के तहत यहां ओपीडी में 22 मरीजों का उपचार किया गया था। जैतई पीएचसी में जांच किट, आवश्यक दवाएं, ओआरएस पैकेट और आई ड्रॉप पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाए गए। साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक थी। अस्पताल में 6 बेड, कूलर और पंखे सुचारु रूप से कार्यरत मिले। ईडीएल के अनुसार 195 दवाओं के मुकाबले 170 दवाएं उपलब्ध थीं। पेयजल की व्यवस्था भी उचित पाई गई।

सीएमओ ने दोनों केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story