हर छात्र एक पेड़ लगाकर बनेगा हरित योद्धा, आईटीआई संस्थानों में होगा पौधरोपण

WhatsApp Channel Join Now
हर छात्र एक पेड़ लगाकर बनेगा हरित योद्धा, आईटीआई संस्थानों में होगा पौधरोपण


लखनऊ, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ में व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग 2.53 लाख पौधरोपण कर हरित उत्तर प्रदेश की नींव को और मजबूत करेगा। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ का मंत्र लेकर प्रदेश का हर युवा अब हरित योद्धा बन रहा है।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि विभाग के अधीन प्रदेश भर के सभी राजकीय आईटीआई, निजी आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों को वृक्षारोपण महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश की सभी सरकारी-निजी आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाखों युवा इस अभियान से जुड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर प्रशिक्षु एक पेड़ अवश्य लगाए और उसकी सुरक्षा का संकल्प भी ले। आईटीआई और कौशल केंद्रों की खाली भूमि, बाउंड्री और परिसरों में फलदार, छायादार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। जहां बाउंड्री नहीं है, वहां पेड़ लगाकर हरित बाउंड्री बनाई जाएगी।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का मॉडल है कि ‘हुनर के साथ संस्कार और रोजगार के साथ पर्यावरण’। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनके संरक्षण से तय होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story