हरीश द्विवेदी का लखनऊ में हुआ ऐतिहासिक स्वागत, 2027 के चुनाव में कार्यकर्ताओं से प्रचंड विजय का किया आह्वान
लखनऊ, 30 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के राष्ट्रीय महामंत्री दायित्व के पश्चात प्रथम लखनऊ आगमन पर रविवार को पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। एयरपोर्ट से भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मार्ग में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा एवं माल्यार्पण कर द्विवेदी का अभिनंदन किया।
समाज को जाति के आधार पर बांटने का प्रयास हो रहा: हरीश द्विवेदी
इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकरियों एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए हरीश द्विवेदी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी दी है, उसे वे कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद और पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया गया है, उसे साकार करने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी शक्ति से कार्य करेगा।
द्विवेदी ने कहा कि देश को कमजोर करने के लिए समाज को जाति, क्षेत्र, भाषा और अन्य आधारों पर बांटने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और ऐसी हर साजिश का लोकतांत्रिक एवं वैचारिक रूप से मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, गुंडाराज और अराजकता पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है तथा विकास की नई गति स्थापित हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय होकर कार्य करने का आह्वान किया।
द्विवेदी ने कहा कि उनके लिए कार्यकर्ता सर्वाेपरि है और संघर्ष के हर दौर में वे कार्यकर्ताओं के साथ अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे हैं।
एकजुट होकर कार्य करें भाजपा कार्यकर्ता: संगीता यादव
नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव ने अपने स्वागत अभिनंदन के लिए उत्तर प्रदेश के पार्टी नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। यादव ने कहा कि आने वाले समय में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के अभियान और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रियता से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के विकास की गति को और आगे बढ़ाने का अवसर होगा। सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए भारतीय जनता पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड विजय प्राप्त करना पार्टी का लक्ष्य: पंकज चौधरी
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी एवं राष्ट्रीय मंत्री संगीता यादव का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और यहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के बल पर सर्वाेच्च जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है।
चौधरी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः प्रचंड विजय प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और समर्पित कार्यकर्ताओं की शक्ति से भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ऐतिहासिक विजय दर्ज करेगी।
स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

