मथुरा जंक्शन पर ट्रेन लेट होने पर गूंजा ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’, यात्रियों ने भजन-कीर्तन से बनाया सफर यादगार
मथुरा, 27 अक्टूबर (हि.स.)। धर्मनगरी मथुरा में आराध्य के दर्शन करके लौट रहे तीर्थ यात्रियों के एक जत्था जब मंगलवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंचा तो यहा पता चला कि उनकी ट्रेन लेट है। इसके बाद ट्रेन के लेट होने पर यात्रियों ने अपनी नाराजगी न दिखाते हुए स्टेशन पर ही हरे रामा, हरे कृष्णा के स्वर गूंजने लगे तो पूरा प्लेटफॉर्म भक्तिमय हो गया।
हुआ यूं कि मंगलवार तीर्थ यात्रियों का एक जत्था मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचा था और उन्हें अपने गंतव्य के लिए ट्रेन पकड़नी थी। स्टेशन पर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी ट्रेन करीब सवा घंटे की देरी से चल रही है। आम तौर पर ट्रेनों का लेट होना यात्रियों के लिए झुंझलाहट और परेशानी का सबब बनता है, लेकिन इन श्रद्धालुओं ने इस समय का सदुपयोग करने का फैसला किया।
उन्होंने स्टेशन पर ही भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर ‘हरे रामा, हरे कृष्णा’ के स्वर गूंजने लगे। तीर्थ यात्रियों की भक्ति और भजनों की मधुर धुनों ने प्लेटफॉर्म के पूरे माहौल को बदलकर रख दिया। ट्रेन का इंतजार कर रहे अन्य यात्री भी खुद को इस अद्भुत माहौल में रमने से रोक नहीं पाए। कई अन्य यात्री भी इस जत्थे के साथ भजन गुनगुनाते नजर आए। श्रद्धालुओं की इस सहज भक्ति ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया और यह पल वहां मौजूद हर यात्री के लिए एक सुखद और यादगार अनुभव बन गया।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

