मुरादाबाद में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान


मुरादाबाद, 02 अगस्त (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने रविवार को बताया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संविधान के प्रति आस्था तथा स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता की भावना से जोड़ना है।

जिलाधिकारी ने आगे बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ का आयोजन ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में विशेष रूप से किया जा रहा है। अभियान के दौरान भौतिक एवं डिजिटल दोनों माध्यमों से जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। नागरिक अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ-साथ तिरंगे के साथ सेल्फी एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का वीडियो www.harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड कर अभियान से जुड़ सकेंगे।

जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, महिला स्वयं सहायता समूह, स्वयंसेवी संगठन तथा आमजन उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे। प्रत्येक रैली का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ होगा तथा रैलियों के लिए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देशभक्ति गीतों, राष्ट्रगान, ‘वंदे मातरम्’ तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इन आयोजनों में स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों, विद्यालयी बैंड, पुलिस बैंड एवं अन्य सांस्कृतिक दलों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं शैक्षणिक संस्थानों में गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया जाएगा तथा ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story