बाराबंकी में अराजक तत्वों ने हनुमान प्रतिमा को किया खंडित,हिंदू संगठनों में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी में अराजक तत्वों ने हनुमान प्रतिमा को किया खंडित,हिंदू संगठनों में आक्रोश


बाराबंकी, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बराबंकी में प्रखंड रामनगर के ग्राम बिठौरा स्थित प्राचीन सागर दास महाराज के पावन स्थान पर बनी मंदिर में रविवार रात अराजक तत्वों ने हनुमान जी की प्रतिमा खंडित कर दी। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ ग्रामीणों की भीड़ मंदिर पर जमा हो गई।

मौके पर पहुंचे विहिप जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, जिला मंत्री राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, जिला विशेष संपर्क प्रमुख तुलसीराम चौहान, बजरंग दल जिला सहसंयोजक तुषार तिवारी, विनय वर्मा, प्रखंड सहसंयोजक त्रिभुवन मौर्य, कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख आशुतोष दुबे व अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने आक्रोश जताया। सभी ने विधि विधान से नई प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई व गिरफ्तारी की मांग की।

विहिप प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा ने थाना रामनगर में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ज्येष्ठ माह के द्वितीय मंगलवार से ठीक एक दिन पहले हुई इस घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा रही।

प्रशासन ने मंगलवार को मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराने का आश्वासन दिया है। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भारी पुलिस बल व ग्राम प्रधान के साथ मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि दाेषी काे चिन्हित कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story