मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पंकज चौधरी ने हनुमान सेतु मंदिर में की पूजा अर्चना
लखनऊ, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने व देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का कीर्तिमान स्थापित करने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग पर दुग्धाभिषेक व जलाभिषेक भी किया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, भाजपा नेता नीरज सिंह व अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। यह उपलब्धि उनके एक दशक से अधिक के नेतृत्व, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण को दर्शाती है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए कीर्तिमान गढ़े हैं।
एक प्रश्न के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए का मतलब परिवार आधारित पार्टी है। उत्तर प्रदेश में जब सपा वाले समाजवादी पार्टी का नाम लेंगे तो उनको डर है कि जनता को कहीं 2017 के पहले वाला प्रदेश याद ना आ जाए, इसलिए वे पीडीए का नाम ले रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

