बारह साल में तीन गुना बढ़ी हमीरपुर की जीडीपी दर : प्रभारी मंत्री

WhatsApp Channel Join Now
बारह साल में तीन गुना बढ़ी हमीरपुर की जीडीपी दर : प्रभारी मंत्री


प्रभारी मंत्री ने गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां

हमीरपुर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में केंद्र की मोदी सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के 12 साल बेमिसाल अभियान के तहत भाजपा कार्यालय में शनिवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिला प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस दौरान जनपद में हुए ऐतिहासिक बदलावों और विकास कार्यों का ब्यौरा पेश किया।

प्रभारी मंत्री ने आर्थिक प्रगति का आंकड़ा साझा करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2013-14 में हमीरपुर जनपद की जीडीपी जो 5,290.21 करोड़ थी, वह वित्तीय वर्ष 2024-25 में तीन गुना से अधिक बढ़कर 17,882 करोड़ हो गई है। कहा पीएम किसान सम्मान निधि से 2 लाख से अधिक किसानों को 713 करोड़ और गेहूं खरीद से 69 हजार किसानों को 412 करोड़ मिले। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कुल 42 हजार से अधिक लाभार्थियों को 686 करोड़ की लागत से पक्के मकान दिए गए। निराश्रित महिलाओं को 138 करोड़ की पेंशन और सामूहिक विवाह योजना में 27 करोड़ खर्च किए गए। आयुष्मान योजना के तहत 87 करोड़ से 70 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में यमुना और बेतवा नदियों पर पुल निर्माण, चिकासी मुहाना मार्ग और कुरारा-कंडौर मार्ग पर करोड़ों की लागत से दीर्घ पुल व सुरक्षात्मक कार्य तेजी से चल रहे हैं। साथ ही 130 करोड़ की लागत से 220/132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण भी कराया जा रहा है।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, सदर विधायक डॉ.मनोज प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी और जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, मौदहा ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि लालाराम निषाद, महामंत्री लक्ष्मीरतन साहू, मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story