सीएम डैशबोर्ड की रैकिंग में पूरे प्रदेश में हमीरपुर दूसरे पायदान पर

WhatsApp Channel Join Now
सीएम डैशबोर्ड की रैकिंग में पूरे प्रदेश में हमीरपुर दूसरे पायदान पर


--प्रदेश स्तरीय रैकिंग में हमीरपुर को मिले 95.90 फीसद अंक

हमीरपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम माह अप्रैल में जनपद हमीरपुर ने उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता का एक बार पुनः परिचय देते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में विकास कार्यों की श्रेणी में पूरे उत्तर प्रदेश के 75 जनपदों में ’द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा है।

उल्लेखनीय है कि, गत वित्तीय वर्ष के समापन माह मार्च 2026 में जनपद हमीरपुर ने राजस्व एवं विकास के संयुक्त इंडेक्स एवं विकास कार्यों की पृथक श्रेणी दोनों में प्रदेश में ’प्रथम स्थान’ प्राप्त किया था। नए वित्तीय वर्ष के उद्घाटन माह में ही पुनः शीर्ष प्रदर्शन यह सिद्ध करता है कि हमीरपुर में सुशासन की यह संस्कृति किसी एक माह या व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं, बल्कि यहाँ की सम्पूर्ण प्रशासनिक व्यवस्था में गहराई से समाहित हो चुकी है।

ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर कुमार चक्रेश त्रिवेदी ने रविवार की शाम बताय़ा कि जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के नेतृत्व में जनपद ने नए वित्तीय वर्ष के प्रथम माह से ही यह संदेश दे दिया कि हमीरपुर की विकास यात्रा अनवरत और गतिमान है। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने समस्त विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रत्येक फ्लैगशिप योजना की गहन समीक्षा की और धरातलीय क्रियान्वयन को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की। उनके कुशल मार्गदर्शन में समस्त विभागाध्यक्षों, तहसील प्रशासन, तकनीकी टीम एवं कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम के कर्मियों ने पूर्ण समर्पण भाव से कार्य किया, जिसके फलस्वरूप डेटा मॉनिटरिंग, पोर्टल प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन में अप्रतिम गति और गुणवत्ता बनी रही।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के मानकों, समयबद्धता, डेटा शुद्धता, लाभार्थी संतुष्टि और योजनाओं का धरातलीय प्रभाव कृ पर जनपद के विभागों के प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि गत वर्षों में स्थापित सुशासन के मानक न केवल बनाए रखे जा रहे हैं, अपितु उन्हें और ऊँचाई पर ले जाने का संकल्प भी दृढ़ है। विशेष रूप से बुनियादी ढाँचा विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभार्थियों तक त्वरित वितरण और राजस्व प्रशासन में जनपद हमीरपुर ने प्रदेश के अग्रणी जनपदों में अपनी पहचान और सुदृढ़ की है।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं डेटा पर्यवेक्षण कंट्रोल रूम की टीम को हार्दिक बधाई देते हुए कहा वित्तीय वर्ष के प्रथम माह में ही प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करना हमारी पूरी टीम की अदम्य कर्मठता और पूर्ण समर्पण का प्रमाण है। हमीरपुर की पिछली उपलब्धियाँ हमारे लिए प्रेरणा हैं, आराम का आधार नहीं। मुख्यमंत्री के विकास के विज़न को साकार करते हुए हम हर जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त तरीके से पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह द्वितीय स्थान हमें प्रथम स्थान की ओर और अधिक ऊर्जा व संकल्प के साथ बढ़ने की प्रेरणा देता है। जनपद हमीरपुर की यह सतत उत्कृष्टता सम्पूर्ण प्रदेश के लिए सुशासन का एक जीवंत प्रतिमान बनती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story