याेगी सरकार में हैलट की स्वास्थ्य सेवाओं में आया बड़ा बदलाव, जल्द बढ़ेंगी 800 बेड की सुविधाएं : सुरेंद्र मैथानी

WhatsApp Channel Join Now
याेगी सरकार में हैलट की स्वास्थ्य सेवाओं में आया बड़ा बदलाव, जल्द बढ़ेंगी 800 बेड की सुविधाएं : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ा है। हैलट अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है और जल्द ही यहां 800 नए बेड की सुविधा भी जुड़ने वाली है। यह बातें बुधवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहीं।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल का औचक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की ओपीडी, विभिन्न वार्डों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वह सामान्य मरीजों की तरह ओपीडी की लाइन में खड़े हुए और वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी मोहन से अपनी आंखों का नियमित परीक्षण भी कराया। विधायक को अपने बीच देखकर मरीजों और उनके परिजनों ने भी उनसे बातचीत की।

विधायक ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से इलाज, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों के व्यवहार और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में तैनात सफाई कर्मियों, सुरक्षा गार्डों और वार्ड बॉय से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

मैथानी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले हैलट अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी कम थी, जबकि आज प्रतिदिन हजारों मरीज यहां इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आने के कारण कभी-कभी छोटी-मोटी व्यवस्थागत समस्याएं सामने आ सकती हैं, लेकिन सरकार का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।

विधायक ने बताया कि हैलट अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए जल्द ही 700 बेड के ट्रॉमा सेंटर विस्तार और 100 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गंभीर और आपातकालीन मरीजों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही कैंसर, चेस्ट हॉस्पिटल और कार्डियोलॉजी संस्थान में आधुनिक उपकरणों, आवश्यक मेडिकल स्टाफ और अन्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कानपुर को प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी के सहयोग से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में और भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी।

इस दौरान अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों को मरीजों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story