मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने की हज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने की हज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा


मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने की हज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा


लखनऊ, 17 अप्रैल (हि.स.)। हज यात्रा 2026 की तैयारियों के दृष्टिगत उप्र राज्य हज समिति की एक समीक्षा बैठक शुक्रवार को मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस सरोजनी नगर, लखनऊ में राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उप्र व अध्यक्ष उप्र राज्य हज समिति की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक के बाद में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया।

मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने बैठक के दौरान हज यात्रियों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आवास, परिवहन, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हज यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की मोदी-योगी सरकार की प्राथमिकता है कि हज पर जाने वाले सभी अकीदतमंदों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि हज यात्रा की तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं संवेदनशीलता के साथ पूर्ण की जाएं, जिससे प्रत्येक यात्री अपनी पवित्र यात्रा सुरक्षित एवं सहज रूप से संपन्न कर सकें।

बैठक के संबंध में एस.पी. तिवारी सचिव/कार्यपालक अधिकारी ने बताया है कि बैठक में हज-2026 के हज यात्रियों के लिए प्रबन्धकीय व्यवस्थाओं की समीक्षा व हज यात्रियों के हितार्थ/सुविधार्थ आवश्यक निर्देश दिये गये।

उन्होंने बताया कि लखनऊ उड़ान स्थल से 22 अप्रैल, 2026 को फलाईनास एयरलाइंस की प्रथम उड़ान प्रस्थान करेगी। इसी क्रम में हज हाउस से रवाना होने से पूर्व एक कार्यक्रम प्रातः 07ः00 बजे निर्धारित किया गया है, जिसमें मंत्री/अध्यक्ष उप्र राज्य हज समिति, सदस्यगण, मुस्लिम धर्मगुरु व अन्य गणमान्य व्यक्ति उप्स्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के बाद प्रथम बस को मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज उप्र व अध्यक्ष उप्र राज्य हज समिति एवं सदस्यगण व धर्मगुरुओं द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जायेगा।

बैठक में राज्य हज कमेटी के सदस्यगण, हज सचिव एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story