दानिश आजाद अंसारी ने दिखाई झंडी, लखनऊ से 427 हज यात्री हुए रवाना

WhatsApp Channel Join Now
दानिश आजाद अंसारी ने दिखाई झंडी, लखनऊ से 427 हज यात्री हुए रवाना


लखनऊ, 22 अप्रैल (हि.स.)। अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ बोर्ड, हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने हज-2026 में यात्रा पर जा रहे हज यात्रियों को स्वागत एवं अभिनन्दन कर बुधवार को हरी झंडी दिखाकर हज के लिए रवाना किया। हज-2026 की पहली उड़ान से कुल 427 हज यात्री रवाना हुए, जिनमें 222 पुरूष एवं 205 महिलाएं शामिल हैं। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों उन्होंने स्वागत एवं अभिनन्दन किया।

दानिश अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार ने पूरी ईमानदारी एवं लगन से प्रयास किया है कि किसी हज यात्री को हज के दौरान कहीं कोई दिक्कत ना हो इसकी पूरी तैयारी की है। अच्छे होटल्स हमने सेलेक्ट किए हैं, रहने की अच्छी व्यवस्थाएं हमने बनाई हैं। ट्रांसपोर्टेशन के लिए भी अच्छी व्यवस्थाएं हमने बनाई है। खाने के लिए कैटरिंग की व्यवस्था हज-यात्रियों को उपलब्ध होगी। कैटर्स के जो नाम वगैरह है, आपके जो एसएचआई हेल्थ इंस्पेक्टर जो आपके साथ जा रहे हैं, या वहां जो हज का ऑफिस है, वहां से आपको इसकी जानकारी मिलेगी।

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जो आपको किट दी गई है उस किट में एक स्मार्ट वॉच आपको मिला होगा। ये पहला हज है जिसमें भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इसमें इस्तेमाल पहली बार कर रहा है। एआई का इस्तेमाल हाजियों के खिदमत के लिए इस बार भारत सरकार कर रही है। ये स्मार्ट वॉच आपके बहुत काम की है। स्मार्ट वॉच के माध्यम से एक तो आपको अज़ान के समय की भी पूरी जानकारी मिलेगी। इसके साथ-साथ GPS TRACKER के माध्यम से कही गुम हो जाते है तो हाजी को ढूँढने व ट्रैक करने में आसानी होगी। इस स्मार्ट वॉच के ऊपर एक इमरजेंसी बटन बनी हुई है, यदि हाजी को कोई इमरजेंसी है तो जब आप इस इमरजेंसी बटन को दबाएंगे तो आपको तीन से पांच मिनट के अंदर इमरजेंसी से संबंधित चीजें मुहैया करायी जायेंगी। हज यात्रियों को कोई दिक्कत होने पर वहां समुचित मेडिकल फैसिलिटी उपलब्ध कराई गई है।

इस अवसर पर अतिथि के रूप में राज्य हज समिति के सदस्यगण, मौलाना उमैर इलयासी साहब, यासूब अब्बास साहब , मौलाना सुफियान निजामी, मौलाना सैयद अजीज अशरफ साहब, मौलाना सैफ अब्बास साहब, व आर0पी0 सिंह, संयुक्त निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण ने अपने विचार व्यक्त किए।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story