सिख गुरूओं ने धर्म के लिए बलिदान दिया: योगी आदित्यनाथ

WhatsApp Channel Join Now
सिख गुरूओं ने धर्म के लिए बलिदान दिया: योगी आदित्यनाथ


सिख गुरूओं ने धर्म के लिए बलिदान दिया: योगी आदित्यनाथ


सिख गुरूओं ने धर्म के लिए बलिदान दिया: योगी आदित्यनाथ


लखनऊ, 24 नवंबर (हि.स.)। सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ के डीएवी पीजी कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को गुरू नानक का चित्र व सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि सिख गुरुजनों की पवित्र शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करें तथा उनके त्याग और योगदान से वर्तमान पीढ़ी को निरंतर अवगत कराते रहें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक भारत सिख गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखेगा, दुनिया की कोई ताकत भारत का बाल-बांका नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा सच्ची आध्यात्मिकता वह है, जो किसी अत्याचार और अन्याय का डटकर मुकाबला कर सके। कालांतर में सिख गुरुजनों का त्याग और बलिदान उसकी एक मिसाल बनी थी। गुरू तेग बहादुर का बलिदान,गुरू गोविंद सिंह और उनके साहबजादों का बलिदान,आजादी की लड़ाई में सिख क्रान्तिकारियों का योगदान उसी आध्यात्मिकता की प्रेरणा से प्रेरित था। सिख गुरूओं ने धर्म के लिए बलिदान स्वीकार किया लेकिन आक्रान्ताओं के सामने सिर झुकने नहीं दिया।

मुख्यमंत्री याेगी ने कहा कि गुरू नानक देव महाराज का उद्देश्य था असत्य पर सत्य व अधर्म पर धर्म की विजय होनी चाहिए। समाज बिखरा हुआ था जाति व छुआछूत का भेद था। विदेशी हमले हो रहे थे। ऐसे समय में श्री गुरु नानक देव जी महाराज ने संपूर्ण मानवता को एक ओंकार का मंत्र दिया। इस अवसर पर डा.अमर जोत सिंह, सरदार मनमीत सिंह, सरदार हरविंदर सिंह, सरदार राजू गांधी वीर, सरदार परविंदर सिंह, मोनी बख्शी, सरदार सतनाम सिंह उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story