गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा, तैयारी पूरी, 55 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा, तैयारी पूरी, 55 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य


गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा, तैयारी पूरी, 55 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य


बलरामपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 21 नवंबर को पहुंचेगी। बुधवार शाम तुलसीपुर के एमडीएस परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक की अध्यक्षता में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक हुई है।

बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन की रूपरेखा तय की गई। पदाधिकारियों ने यात्रा के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के तहत कुल 55 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार स्वास्थ्य यात्रा 21 नवंबर को तुलसीपुर पहुंचेगी। इसके बाद 22 और 23 नवंबर को नेपाल सीमा से सटे गैसड़ी, पचपेड़वा, तुलसीपुर और हरैया क्षेत्र के 77 गांवों में चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, 24 नवंबर को देवीपाटन मंदिर परिसर में वृहद मेगा स्वास्थ्य कैंप आयोजित होगा।

स्वास्थ्य यात्रा के जिला सचिव डॉ. विकल्प मिश्रा ने बताया कि अभियान में उत्तर प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के साथ मध्य प्रदेश और राजस्थान के मेडिकल कॉलेजों के चिकित्सक भी शामिल होंगे। करीब 300 चिकित्सकों की टीम 21 नवंबर को बलरामपुर पहुंचेगी। चिकित्सक सीमावर्ती गांवों में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत करीब 30 हजार गांवों तक पहुंचने तथा देवीपाटन मंदिर परिसर में आयोजित मेगा स्वास्थ्य कैंप में 25 हजार मरीजों के उपचार का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य सीमावर्ती और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है।

विभाग सेवा प्रमुख, खंड पालक तुलसीपुर श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक प्रवीण कुमार, जिला प्रचारक जितेंद्र कुमार, कार्यक्रम संयोजक राम कृपाल, कार्यक्रम अध्यक्ष शरद सिंह, जिला सचिव डॉ. विकल्प मिश्रा, श्याम सुंदर गुप्ता सहित सभी विकासखंडों के संयोजक, सहसंयोजक और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story