गुप्त नवरात्र आषाढ़ शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के साथ शुरू, मां विंध्यवासिनी दरबार में उमड़ने लगे साधक

WhatsApp Channel Join Now
गुप्त नवरात्र आषाढ़ शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के साथ शुरू, मां विंध्यवासिनी दरबार में उमड़ने लगे साधक


- नौ दिनों तक चलेगा विशेष पूजन-अनुष्ठान, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के किए गए व्यापक इंतजाम

मीरजापुर, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में स्थित विश्व विख्यात मां विंध्यवासिनी धाम में बुधवार से आषाढ़ शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के साथ गुप्त नवरात्र का शुभारंभ हो गया। नौ दिनों तक चलने वाले इस विशेष पर्व में मां विंध्यवासिनी के दरबार में विशेष पूजन, हवन, जप और अनुष्ठान होंगे। गुप्त नवरात्र को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं, साधकों और संतों का आगमन शुरू हो गया है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार वर्ष में चार नवरात्र होते हैं, जिनमें दो प्रत्यक्ष और दो गुप्त नवरात्र शामिल हैं। गुप्त नवरात्र को तांत्रिक साधना, आध्यात्मिक उन्नति और मां की दस महाविद्याओं की उपासना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। देश के विभिन्न हिस्सों से साधक विशेष अनुष्ठान के लिए विंध्याचल पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर के साथ-साथ गंगा घाटों पर भी धार्मिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

गुप्त नवरात्र को लेकर विंध्य पंडा समाज और मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की है। मंदिर की सुरक्षा को लेकर सुरक्षा प्रभारी उदय प्रताप ने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पूरे परिसर की सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जाएगी, जबकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

आचार्य डॉ. रामलाल त्रिपाठी ने बताया कि गुप्त नवरात्र में मां की दस महाविद्याओं की विशेष आराधना की जाती है। मान्यता है कि इन नौ दिनों में की गई साधना और उपासना शीघ्र फल प्रदान करती है। प्रशासन का अनुमान है कि गुप्त नवरात्र के दौरान लाखों श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए धाम पहुंचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story