बारिश के पानी से गुंजन विहार कॉलोनी में जलभराव
फर्रुखाबाद, 23 अगस्त (हि.स.)। हल्की बारिश ने ही नगर पालिका के दावों की पोल खोल दी। शहर के कई मोहल्लों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। हालात यह हैं कि लोगों को घरों से निकलने के लिए घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर दाे गुंजन विहार कॉलोनी निकट आलू मंडी में पिछले कई दिनों से बरसात का पानी सड़कों पर भरा हुआ है। घरों के सामने कई फीट तक पानी जमा है। कीचड़ और गंदे पानी के बीच गौवंश खड़े रहने को मजबूर हैं। आस-पास के घरों की दीवारों पर सीलन आ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत के बावजूद नालियों की सफाई नहीं हुई। जलभराव से स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान भी खराब हो गया। मोहल्ले के लोगों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से जल्द जल निकासी की मांग की है।
पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने शीघ्र जल निकासी कराने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि बारिश अधिक होने से निचले स्थानों पर पानी भर गया है, जिसका स्थाई समाधान किया जा रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

