गुलरिहा पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुलरिहा पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


गोरखपुर, 09 जून (हि.स.)। गुलरिहा थाना पुलिस ने दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 11,422 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को थाना क्षेत्र स्थित एक दुकान से अज्ञात चोरों ने 15 हजार रुपये नकद और एक कैमरा चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना गुलरिहा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए घटना में शामिल अमन वर्मा और विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सिद्धार्थनगर जनपद के सीकरी बाजार क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के 11,422 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक सचिन जायसवाल, उपनिरीक्षक विवेक अवस्थी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव, कांस्टेबल हिमांशु सिंह, रेडियो ऑपरेटर अतीक अहमद तथा रेडियो ऑपरेटर बृजेश यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story