जीएसवीएम के छात्रों ने सात पदक जीत बढ़ाया संस्थान का गौरव : डॉ. संजय काला
कानपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के परास्नातक छात्र-छात्राओं ने उत्तर प्रदेश एपीकॉन-2026 में सात पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। यह बातें रविवार काे कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला ने विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कही।
एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश अध्याय का 43वां वार्षिक अधिवेशन 26 और 27 सितंबर को वाराणसी में आयोजित हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के परास्नातक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश अध्याय की कार्यकारिणी समिति ने डॉ. ऋचा गिरि को अध्यक्ष और डॉ. एसके गौतम को उपाध्यक्ष मनोनीत किया। डॉ. सौरव अग्रवाल को कार्यकारिणी समिति का सदस्य बनाया गया।
अधिवेशन का उद्घाटन बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने किया। फिजिशियंस ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नरसिंह मल्लू और चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. एसएन शंखवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डॉ. ऋचा गिरि और डॉ. एसके गौतम को सर्वाधिक सदस्य बनाने के लिए अध्यक्षीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
दोनों चिकित्सकों को पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश एपीकॉन-2025 के सफल आयोजन के लिए भी अध्यक्ष की ओर से सम्मानित किया गया।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के परास्नातक छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया। एसएन गुप्ता पुरस्कार के अंतर्गत शोधपत्र प्रस्तुति में डॉ. इकराम ने स्वर्ण और डॉ. अविनाश ने रजत पदक जीता। एनएन गुप्ता पुरस्कार की शोधपत्र प्रस्तुति में डॉ. रोहित कुमार गुप्ता ने स्वर्ण और डॉ. दीपांशी कुरेल ने कांस्य पदक हासिल किया।
जीपी एल्हेंस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. कौशल किशोर सिंह ने स्वर्ण और डॉ. एफा खान ने कांस्य पदक जीता। वहीं, दीप्तांशु वेदांत गुप्ता परास्नातक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डॉ. शरद कोटरीवाला ने रजत पदक हासिल किया।
इस तरह जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रतिभागियों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य समेत कुल सात पदक हासिल किए। प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

