मांसाहारी की बात छिपा 20 दिन तक भटकता रहा बजुर्ग मरीज, जीएसवीएम के डाक्टरों ने आधुनिक तकनीक से गले से निकाला मछली का कांटा
कानपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डॉक्टरों ने करीब 20 दिनों से गले में फंसी मछली की हड्डी से परेशान 77 वर्षीय बुजुर्ग को आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक के जरिए राहत दिलाई। खास बात यह है कि मरीज के गले से कांटा निकालने के लिए पहले चार बार एंडोस्कोपी से प्रयास किए गए थे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। कई अस्पतालों में उपचार के बाद मरीज को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां सर्जरी विभाग की टीम ने जटिल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. डॉ. आरके जौहरी ने शुक्रवार को बताया कि गले में फंसी बाहरी वस्तु आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुंचा सकती है। उसकी स्थिति और दिशा के अनुसार गंभीर जटिलताएं भी पैदा हो सकती हैं। ऐसे मामलों में समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा और उचित तकनीक से उपचार बेहद जरूरी है। आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से कई जटिल मामलों में बिना आपातकालीन ओपन सर्जरी के भी सुरक्षित उपचार संभव है।
कानपुर केें बर्रा निवासी मरीज उसके गले में 25 अक्टूबर को मछली का कांटा फंस गया था। इसके बाद उसे निगलने में परेशानी और लगातार असहजता होने लगी। परिजनों ने कई चिकित्सा संस्थानों में उपचार कराया। एंडोस्कोपी के जरिए कांटा निकालने के करीब चार प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद मरीज को आगे के उपचार के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां से उसे जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया।
मरीज की जटिल स्थिति और पहले किए गए असफल प्रयासों को देखते हुए सर्जरी विभाग की टीम ने आधुनिक तकनीक से कांटा निकालने का निर्णय लिया। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रो. संजय काला के मार्गदर्शन में प्रो. डॉ. आरके जौहरी और उनकी टीम ने एंडोस्कोपी के माध्यम से रैट टूथ फॉरेन बॉडी रिमूवल फोर्सेप्स की मदद से गले के ऊपरी हिस्से में फंसी मछली की हड्डी को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।
इस पूरे मामले में एक दिलचस्प पहलू भी सामने आया। मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों को बताया कि उनका पूरा परिवार शुद्ध शाकाहारी है। मरीज ने भी शुरुआत में मछली अथवा अन्य मांसाहारी खाद्य पदार्थ खाने की बात से इनकार किया था। हालांकि, गले से कांटा निकलने के बाद मरीज ने मुस्कुराते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, अब तो चोरी पकड़ी गई।
लंबे समय से दर्द और निगलने में परेशानी के साथ कई अस्पतालों में उपचार के असफल प्रयासों के कारण मरीज मानसिक रूप से भी काफी परेशान हो चुका था। कांटा सफलतापूर्वक निकलने के बाद उसे राहत मिली। मरीज ने डॉ. प्रो. संजय काला, प्रो. डॉ. आरके जौहरी और सर्जरी विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार जताया।
इस सफल उपचार पर अस्पताल प्रशासन ने सर्जरी विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। यह उपलब्धि मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों की विशेषज्ञता को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

