नेशनल ट्रेडर्स फर्म संचालक के खिलाफ 2.55 करोड़ की जीएसटी चोरी के आरोप में केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल ट्रेडर्स फर्म संचालक के खिलाफ 2.55 करोड़ की जीएसटी चोरी के आरोप में केस दर्ज


मुरादाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला में राज्य कर के सहायक आयुक्त ने नेशनल ट्रेडर्स फर्म संचालक के खिलाफ 2.55 करोड़ की जीएसटी चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि जांच के दौरान मौके पर फर्म नहीं पाई गई, लेकिन इस फर्म ने करोड़ों के स्क्रैप का कारोबार कर 2.55 करोड़ की जीएसटी चोरी की है। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया इस मामले में अब एसआईटी जांच करेगी।

राज्य कर विभाग खंड-4 के सहायक आयुक्त ने सोमवार को मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मझोला थानाक्षेत्र के खुशहालपुर गुरुद्वारा नानक दरबार गली नंबर-5 बैंक कॉलोनी निवासी रवि ने फर्म नेशनल ट्रेडर्स के नाम से 17 सितम्बर 2022 को पंजीकरण कराया था। फर्म के जरिये इलेक्ट्रिक एल्युमिनियम स्क्रैप, पुरानी बैटरी समेत अन्य स्क्रैप का व्यापार किया गया। इस मामले में राज्य कर की एसआईबी ने 29 दिसम्बर 2022 को फर्म की जांच की। जांच में आया कि रवि ने फर्म का पता रिहायशी इलाके का दिया था। मोहल्ले वालों ने बताया कि यहां नेशनल ट्रेडर्स नाम से कोई फर्म नहीं है। जांच के दौरान विभाग ने फर्म का पंजीयन निरस्त कर दिया। फर्म के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कागजातों की जांच की गई तो पता चला कि रवि ने 4.10 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया है।

इस आधार पर फर्म के ऊपर 28.99 लाख रुपये की आईजीएसटी, 34.94 लाख रुपये की सीजीएसटी और एसजीएसटी सहित कुल 63.94 लाख रुपये का टैक्स बनेगा। इस मामले में जीएसटी एक्ट की धारा 122 के तहत राज्य कर अधिकारी खंड-1 ने 26 दिसम्बर 2025 को रवि को नोटिस जारी कर दिया लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उपायुक्त ने एक पक्षीय आदेश पारित कर वर्ष 2022-23 के लिए आईजीएसटी, सीजीएसटी, एसजीएसटी और अर्थदंड समेत कुल 2.55 करोड़ की देनदारी फर्म के ऊपर तय कर दी। फिर भी फर्म की तरफ से कोई पैरवी करने या पैसा जमा करने नहीं आया। इसके बावजूद फर्म की तरफ से बगैर कारोबार किए आईटीसी क्लेम कर दी गई।

राज्य कर अधिकारी का मानना है कि फर्म संचालक रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर बगैर खरीद-फरोख्त किए बिल ट्रेडिंग कर आईटीसी क्लेम कर दी है। यह कृत्य जीएसटी चोरी, साजिश और धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस मामले में मझोला पुलिस ने रवि और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक नगर का कहना है कि जांच के आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story