मां से मिला बिछड़ा मासूम, जीआरपी के ऑपरेशन मुस्कान से लौटी चेहरे की खुशी

WhatsApp Channel Join Now
मां से मिला बिछड़ा मासूम, जीआरपी के ऑपरेशन मुस्कान से लौटी चेहरे की खुशी


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मां से बिछड़े पांच वर्षीय मासूम को जीआरपी ने महज 20 मिनट में सकुशल तलाश कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बच्चे के मिलते ही मां के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के दरवेशाबाद गांव निवासी गीता देवी अपने पुत्र सानू शर्मा (काल्पनिक नाम) के साथ कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ में उनका करीब पांच वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर महिला ने जीआरपी थाने पहुंचकर सूचना दी।

उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक संदीप कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम, प्लेटफॉर्म ड्यूटी और कंट्रोल रूम के कर्मचारियों ने बच्चे के हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर में तलाश शुरू की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।

तलाशी अभियान के दौरान करीब 20 मिनट बाद बच्चा प्लेटफॉर्म संख्या चार-पांच पर सकुशल मिल गया। इसके बाद हेड कांस्टेबल विपिन यादव उसे सुरक्षित जीआरपी थाने लेकर पहुंचे, जहां पहचान कराने के बाद बच्चे को उसकी मां गीता देवी के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बेटे को सकुशल पाकर गीता देवी भावुक हो गईं और जीआरपी कानपुर सेंट्रल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया। जीआरपी ने लोगों से अपील की कि रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का विशेष ध्यान रखें और किसी बच्चे के गुम होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story