चलती ट्रेन से मोबाइल फोन लूटने वाला युवक गिरफ्तार, यात्रियों पर डंडे से करता था प्रहार

WhatsApp Channel Join Now
चलती ट्रेन से मोबाइल फोन लूटने वाला युवक गिरफ्तार, यात्रियों पर डंडे से करता था प्रहार


देवरिया, 15 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया सदर रेलवे स्टेशन परिसर में चलती ट्रेन से मोबाइल फाेन लूटने वाले एक युवक को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी का एक एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया है।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम ने बताया आरोपित की पहचान करन शाह (19 वर्ष) पुत्र लक्ष्मी शाह निवासी भिखमपुर रोड, थाना रामपुर कारखाना, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। बरामद मोबाइल जीआरपी थाना देवरिया में दर्ज मुकदमा धारा 304(2) व 317(2) बीएनएस से संबंधित है।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने चलती ट्रेन संख्या 13020 बाघ एक्सप्रेस के जनरल कोच के दरवाजे पर खड़े एक यात्री पर डंडे से वार कर उसका मोबाइल लूटा था। आरोपित ने यह भी स्वीकार किया कि वह उसी तरीके से फिर से मोबाइल और अन्य कीमती सामान लूटने की नीयत से रेलवे स्टेशन परिसर में घूम रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story