जीआरपी देवरिया ने यौन शोषण के आरोपित टीटीई के भाई को किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जीआरपी देवरिया ने यौन शोषण के आरोपित टीटीई के भाई को किया गिरफ्तार


देवरिया, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की जीआरपी थाना देवरिया पुलिस ने महिला यात्री का यौन शोषण के आरोपित टीटीई राहुल को संरक्षण देने के आरोप में उसके भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है। टीटीई राहुल पर रेल यात्रा के समय बर्थ देने के नाम पर महिला का याैन शाेषण करने का आरोप है। वर्तमान में आराेपित निलंबित है।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न ने बताया कि जीआरपी थाना देवरिया की टीम ने बीएनएस में वांछित मुख्य अभियुक्त (टीटीई) को गिरफ्तारी से बचाने और उसे पनाह देने के आरोप में उसके भाई गणेश कुमार गुप्ता (उम्र लगभग 39 वर्ष) निवासी समसारा सदिसोपुर थाना बिहटा, जनपद पटना बिहार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त गणेश कुमार का व्यवहार असहयोगपूर्ण पाया गया। पुलिस द्वारा मुख्य अभियुक्त के ठिकानों और उसे दी गई पनाह के संबंध में पूछे गए प्रश्नों का उसने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया तथा तथ्यों को छिपाने का प्रयास करता पाया गया। पुलिस ने बताया कि मुख्य अभियुक्त (टीटीई) के विरुद्ध मु0अ0सं0-12/2026 धारा 64(2)/249/351(3) बीएनएस जीआरपी थाना देवरिया में दर्ज है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story