जीआरपी जौनपुर ने बरामद किए 88 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए
जौनपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर जिले में ट्रेनों में यात्रा के दौरान गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने में जीआरपी जौनपुर को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से 88 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये है। बरामद मोबाइलों में से 55 फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए, जबकि शेष मोबाइल उनके मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
बुधवार दोपहर रेलवे वाराणसी के पुलिस उपाधीक्षक कुंवर प्रभात सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जीआरपी ने आधुनिक तकनीक और सर्विलांस सेल की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन खोजकर सुरक्षित बरामद किए गए।
मोबाइल वापस पाने के लिए जौनपुर के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा अन्य राज्यों से भी लोग जीआरपी थाने पहुंचे। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जीआरपी की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस अभियान को जीआरपी अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में सर्विलांस सेल और जीआरपी की टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए मोबाइल बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीआरपी अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि, ट्रेन यात्रा के दौरान अपने मोबाइल और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें तथा मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित जीआरपी थाने या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

