जीआरपी जवान ने बचाई महिला की जान, चलती ट्रेन से फिसला था पैर

WhatsApp Channel Join Now

रायबरेली, 06 अगस्त (हि.स.)। चलती ट्रेन से गिरी महिला की जान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) जवान की बहादुरी से बच गई। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर को हुआ यह वाक्या सीसीटीवी में कैद हो गया। रेलवे अधिकारियों ने जवान की इस बहादुरी की प्रशंसा की है।

हरिद्वार जाने वाली जनता मेल गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रायबरेली स्टेशन पहुंची। वहां स्लीपर कोच में यात्रा करने वाली एक महिला उतरी व कुछ समान खरीदने लगी। तब तक ट्रेन चल दी, महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका हाथ फ़िसल गया। यह देख रहे राजकीय रेलवे पुलिस के जवान(जीआरपी) शिवपूजन चौधरी ने सक्रियता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया, लेकिन ट्रेन की गति तेज़ होने से वह संतुलन नहीं बना सके।हालांकि जवान ने तत्परता दिखाते हुए महिला को अपनी ओर खींच लिया और दोनों प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। यह देखकर वहां मौजूद लोग भी पहुंचे और जीआरपी जवान को महिला की जान बचाने पर धन्यवाद दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। हर कोई जवान की बहादुरी के चर्चे कर रहा है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story