वाराणसी रेलवे स्टेशन पर GRP-CIB की बड़ी कार्रवाई, शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार; 5 चोरी के मोबाइल बरामद
बिहार के आरा का रहने वाला है आरोपी कुमुद कौशल, यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने का आरोप
वाराणसी। रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी (GRP) और सीआईबी (CIB) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास पंप हाउस के निकट से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुमुद कौशल, पुत्र कौशल कुमार, निवासी आरा, बिहार के रूप में हुई है।
यात्रियों को बनाता था निशाना
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन परिसर में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के आगे पंप हाउस के पास एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली, जिसमें पांच मोबाइल फोन बरामद हुए।
जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि जीआरपी और सीआईबी की टीम गश्त कर रही है। उसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 1 के आगे एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसका नाम कुमुद कौशल निवासी आरा बिहार है। उसे पकड़कर पूछताछ की गई। उस दौरान उसने बताया कि मेरे पास पांच मोबाइल हैं। उसने मोबाइल चोरी की बात स्वीकार की। पांचों मोबाइल की कीमत हजारों रुपये हैं। ट्रेन और प्लेटफार्म पर लोगों के मोबाइल चोरी कर फरार हो जाता था। जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

