भूजल सप्ताह: देवरिया पुलिस ने लिया जल संरक्षण का संकल्प, एसपी ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
भूजल सप्ताह: देवरिया पुलिस ने लिया जल संरक्षण का संकल्प, एसपी ने दिलाई शपथ


देवरिया, 21 जुलाई (हि.स.)। भूजल सप्ताह के तहत मंगलवार को जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प थीम पर देवरिया जिले में जल संरक्षण शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी अभिजीत आर. शंकर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को जल के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, भूजल स्तर के संरक्षण तथा जल स्रोतों की स्वच्छता और संवर्धन का संकल्प दिलाया। इसके साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अपने-अपने थाना परिसरों और कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी शपथ ग्रहण कर जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शपथ के दौरान पुलिस कर्मियों ने दैनिक जीवन में जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए उसके अनावश्यक दुरुपयोग को रोकने तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने का भी संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने कहा कि जल संरक्षण केवल शासन की योजना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि सभी लोग मिलकर जल बचाने की दिशा में प्रयास करें, तो भविष्य में जल संकट जैसी गंभीर चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों के साथ-साथ समाज में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को जल बचाने, वर्षा जल संचयन अपनाने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही जल संरक्षण का उद्देश्य सफल हो सकता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story