नोएडा में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन, युवाओं को ऊर्जा और बढ़ाएगा संसाधन दक्षता

WhatsApp Channel Join Now
नोएडा में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन, युवाओं को ऊर्जा और बढ़ाएगा संसाधन दक्षता


नोएडा, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने साेमवार काे गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय नोएडा में ग्रीन स्किल्स एवं एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। यह केंद्र वन एम वन बी फाउंडेशन, मेटी स्टार्टअप हब और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग, औद्योगिक सस्टेनेबिलिटी और एप्लाइड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में व्यावहारिक कौशल से लैस करना है, ताकि वे राज्य के तेजी से बढ़ते औद्योगिक और प्रौद्योगिकी पारितंत्र में योगदान दे सकें।

आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह केंद्र युवाओं को ऊर्जा और संसाधन दक्षता बढ़ाने, औद्योगिक प्रक्रियाओं को अनुकूलित करने, अपशिष्ट घटाने, गुणवत्ता नियंत्रण मजबूत करने और डेटा-आधारित निर्णय लेने जैसे क्षेत्रों में एआई के अनुप्रयोगों से जोड़ेगा। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और संसाधन-कुशल उत्पादन से जुड़े ग्रीन स्किल्स का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केंद्र का फोकस सैद्धांतिक ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक परियोजनाओं, मेंटरिंग, इंटर्नशिप और उद्यमिता के अवसरों पर है।

उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अधिकारी अभिषेक सक्सेना ने बताया कि मंत्री सुनील शर्मा ने इस अवसर पर कहा, “हम ग्रीन स्किल्स एंड एप्लाइड एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के जरिए युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करना चाहते हैं। आज भारत टेक्नोलॉजी और एआई के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में हमारे युवाओं को इस मंच का पूरा फायदा उठाना चाहिए, नए विचारों पर काम करना चाहिए, उपयोगी उत्पाद बनाने चाहिए और अपनी स्किल्स को उद्योग की जरूरतों के अनुसार विकसित करना चाहिए। हमारा लक्ष्य सिर्फ युवाओं को नौकरी पाने लायक बनाना नहीं है, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला और अपना व्यवसाय शुरू करने वाला बनाना भी है, ताकि वे राज्य और देश की तरक्की में योगदान दे सकें।”

माइक्रोसॉफ्ट की वरिष्ठ निदेशक एलिवेट सीएसआर, मंजू धस्माना ने कहा कि यह केंद्र उत्तर प्रदेश को एआई क्षेत्र में आगे बढ़ाने और भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह माइक्रोसॉफ्ट एलिवेट की ‘एआई + जॉब्स’ सोच को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story